पीडि़त परिवार की आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्यवाही की मांग

 दुष्कर्म पीडि़ता के परिवार से मिलीं विधायक सुरभि
एसडीएम ने कोचिंग सेंटर की लेखपाल से कराई नापजोख
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर कोचिंग संचालक, उसके भाई व एक अन्य साथी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया था। पीडि़ता की तहरीर पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। अमृतपुर व कायमगंज विधायक ने पीडि़ता व उसके स्वजनों से मिलकर उन्हें आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने आरोपितों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। पीडि़ता के स्वजनों ने थाना प्रभारी को हटाने की मांग रखी। एसडीएम के आदेश पर लेखपाल व कानूनगो ने कोचिंग सेंटर, कब्रिस्तान आदि की नापजोख की।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा कंपिल स्थित राजीव इंस्टीट्यूट कंप्यूटर सेंटर पर कोचिंग करती थी। इसी दौरान लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व कोचिंग संचालक दिव्यांग शीबू, उसका भाई सलमान व साथी अनस ने छात्रा को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ डालकर पिला दिया। छात्रा के बेहोश होने पर आरोपितों ने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। आरोपित छात्रा को मंतातरण कर निकाह करने का दबाव बनाने लगे। पीडि़ता ने स्वजनों के साथ थाने पहुंच मामले की तहरीर सीओ को दी। सीओ के आदेश पर दिव्यांग आरोपित शीबू, उसका भाई सलमान व साथी अनस के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शनिवार को उन्हें जेल भेज दिया। पीडि़ता के स्वजनों गांव पहुंचे सांसद मुकेश राजपूत से बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। स्वजनों ने थाना प्रभारी पर एक आरोपित का नाम हटाने को लेकर दबाव बनाए जाने की शिकायत भी की। हालांकि थाना प्रभारी ने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। रविवार दोपहर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य व कायमगंज विधायक डॉ सुरभि ने पीडि़ता के गांव पहुंचकर स्वजनों से घटना के संबंध में जानकारी कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। विधायक से पीडि़ता के स्वजनों ने थाना प्रभारी को हटाए जाने की मांग की। रविवार को एसडीएम अतुल कुमार सिंह के निर्देश पर लेखपाल राहुल मिश्रा, रोहित अवस्थी, कानूनगो विमल पटेल ने कंपिल कायमगंज रोड स्थित कब्रिस्तान व कंपिल खास स्थित कोचिंग सेंटर की जमीन गाटा संख्या-585 पर नापजोख की। इस दौरान उन्हें कम्प्यूटर सेंटर मार्केट में सडक़ के दोनों तरफ तीन मीटर कब्जा मिला। टीम ने आरोपित अनस के गांव निजामुद्दीनपुर में पहुंच नापजोख की जिसमें गाटा संख्या 336 नवीन परती पर सरकारी जमीन पर आरोपित के पिता व चाचा सहित तीन लोगों का अवैध कब्जा मिला। हिंदू महासभा व हिन्दू रक्षा दल के परिषद के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी द्वारा आरोपितों को बराबर कुर्सी पर बैठाने की घटना पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने थाना प्रभारी को जल्द ही हटाने की मांग की। न हटाने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी। एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने बताया कुछ शिकायतें मिली थी। टीम गठित कर जांच कराई जा रही है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों पर रासुका के तहत हो कार्यवाही-विमलेश मिश्रा

फर्रुखाबाद। कम्प्यूटर सेंटर संचालक व उसके साथियों द्वारा छात्रा को गुमराह व नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर सामूहिक दुष्कर्म कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश मिश्रा व अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू मंच के जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह चौहान ने प्रशासन से मां की है। साथ ही यह भी मांग की है कि कम्प्यूटर सेंटर की वैधता व भूमि की जांच करायी जाये और सभी आरोपियों पर रासुका लगाकर कम्प्यूटर सेंटर को बुलडोजर से जमींदोज कराया जाये। जिससे कि कोई अन्य व्यक्ति ऐसा जघन्य अपराध करने की हिम्मत न जुटा सके। रविवार को पीडि़ता का डाक्टर राम मनोहर लोहिया महिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में हिन्दूवादी नेता मौजूद रहे। क्षेत्रीय ग्राम प्रधान सचिन राजपूत व अन्य लोगों ने बताया है कि जो कम्प्यूटर सेंटर जिस भूमि पर बना है, वह नगर पंचायत की भूमि बतायी जा रही है। लगभग सात साल पुराना बताया जा रहा है। यह जांच का विषय है। इस अवसर पर हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व अंतर्राष्ट्रीय रक्षा मंच के जिलाध्यक्ष के अलावा प्रीती तिवारी, अर्चना द्विवेदी, डाक्टर निधि मिश्रा, सभासद अनिल तिवारी, आचार्य विवेकानंद पाठक, शिवम दुबे, आशीष मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *