अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। कस्बा अमृतपुर निवासी 18 वर्षीय युवक क्रिश पुत्र धर्मवीर पटवा की बुधवार रात सर्पदंश से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार क्रिश रात में अपने कमरे के फर्श पर लेटा था, तभी अचानक एक जहरीला काला नाग कमरे में घुस आया और उसने उसे डस लिया। परिजनों ने तत्काल उसे सीएचसी राजेपुर पहुँचाया। जहाँ हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने क्रिश को मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
क्रिश के पिता धर्मवीर पटवा रेहड़ी पटरी पर दुकान लगाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। घटना के समय वह किसी कार्य से दिल्ली गए हुए थे। परिवार में मां नीलम, दो भाई सिविल और गौरव तथा बहन दुर्गा है। पुत्र की असामयिक मृत्यु से मां नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गाँव में गमगीन माहौल है।
सांप को किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवकों ने सांप को पकडक़र सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी ने तत्काल तहसील प्रशासन को अवगत कराया। मौके पर कानूनगो परविंदर यादव और लेखपाल धर्मेंद्र त्रिपाठी ने पहुँचकर घटना की जानकारी ली। पिता की तहरीर पर एएसआई कल्लू सिंह ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों में दहशत
बारिश और जलभराव के कारण क्षेत्र में सांप निकलने की घटनाएँ बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को तत्काल चिकित्सा सुविधाओं और जागरूकता अभियान की व्यवस्था करनी चाहिएए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव हो सके। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और गाँव में हर किसी की आँखें नम हैं।
