मथुरा: मथुरा के मांट में सुनीत नामक एक युवक ने नशे की हालत में मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी। उसने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पुलिस ने तुरन्त एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो वह छत पर चढ़ गया और फायरिंग की। बाद में पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद हरकत में आई मथुरा पुलिस ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि नगला हर दयाल का निवासी सुनीत उर्फ गठुआ ने हथियार लहराते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी थी और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जिसमें वह कह रहा है कि अगर मुख्यमंत्री ने उसकी सुनवाई नहीं की तो वह उन्हें गोली मार देगा और बाद में खुद भी आत्महत्या कर लेगा। कुछ ही देर में वीडियो वायरल होने लगा। पुलिस ने वीडियो में धमकी देने वाले को चिन्हित करके शाम चार बजे उसके घर पहुंची। पुलिस को देख सुनीत पिस्टल लेकर तीन मंजिल के मकान की छत पर पहुंच गया और अपनी जान देने की धमकी देने लगा। पुलिस उसके पास जाने लगी तो उसने तीन फायर झोंक दिए। चार घंटे तक पुलिस समझाने को जूझती रही। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने सुनीत को बातों में उलझाया। मांट थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बुलेटपू्रफ जैकेट पहनकर उसे पीछे से दबोच लिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपित नशेड़ी किस्म का है। उसे गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके पास से देसी पिस्टल, कारतूस बरामद किए गए हैं। सीएम को धमकी देने के आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से देसी पिस्टल व कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
