मंदिर परिसर स्थित कमरे सहित एक अन्य खोखे से हजारों की चोरी

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। चोरों ने मंदिर परिसर के कमरे सहित एक खोके का ताला तोडक़र हजारों की नगदी व चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को मामले की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। एक महीने में तीन मंदिरों से लगातार चार बार हुई चोरियों से लोगों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के मोहल्ला गंगा टोला स्थित प्राचीन चौमुखी नाथ शिव मंदिर में पुजारी शिव शरण मिश्रा रहते हैं। शनिवार शाम पुजारी प्रतिदिन की भांति पूजा करने के बाद मंदिर में ताला लगाकर रामलीला समारोह में शामिल होने चले गए।रविवार की बीती रात चोर किसी पहर दीवार फांदकर मंदिर परिसर में घुस गए। चोरों ने कमरे का ताला तोडक़र 27 हजार रुपए की नगदी व चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। रविवार सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने कमरे का ताला टूटा व सामान अस्त व्यस्त पड़ा देखा। उन्होंने मंदिर के पुजारी को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे मंदिर ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं दूसरी घटना ग्यारह मंजिल मंदिर के निकट अनुराग सैनी की फूलों की दुकान का खोखा रखा है। बीती रात चोरों ने खोखे का ताला तोडक़र दो हजार रुपए की नगदी व गुल्लक चोरी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।

एक महीने में तीन मंदिरों में लगातार चार बार हुई चोरी की घटनाएं

एक माह पूर्व नगर स्थित मंदिर सिद्ध मढ़ी मंदिर में चोरों ने पैंसठ हजार रुपए की नगदी चोरी कर ली। पुलिस जांच में मंदिर के सेवादार को ही थाने ले आई। थाने पहुंचे मंदिर के महंत सेवादार को छुड़ाकर घर ले गए। दो दिन बाद चोरों ने फिर से कमरे का ताला तोडक़र मंदिर का अन्य समान चोरी कर लिया। चोरी की घटनाओं से आहत होकर महंत बाबा ब्रह्मानंद मंदिर छोडक़र चले गए। दो सप्ताह पूर्व कालेश्वर नाथ मंदिर के परिसर में घुसे चोरों ने अठारह हजार की नगदी व मोबाइल चोरी कर लिया। महंत की नामदर्ज तहरीर पर पुलिस एक युवक को थाने ले आई। हालांकि पुलिस ने उसे मानसिक मंदित बताकर उसे छोड़ दिया। जिससे चोरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में रोष व्याप्त है। दो दिन पूर्व भी कंपिल बाईपास मार्ग पर स्थित एक चक्की से चोरों ने नगदी व समान चोरी कर लिया। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

चौबीस वर्ष पूर्व भी चौमुखी नाथ मंदिर से करोड़ों की शिवलिंग हुई थी चोरी

चौबीस वर्ष पूर्व 19 जनवरी 2001 को मंदिर परिसर में लगी लगभग एक करोड़ की अष्टधातु की शिवलिंग चोरों ने चोरी कर ली थी। हालांकि कुछ समय बाद पुलिस ने शिवलिंग को बरामद कर लिया। उसी समय से शिवलिंग थाने के मालखाने में रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *