लखनऊ, समृद्धि न्यूज। लखनऊ के विकास नगर में नोएडा के डीसीपी आईपीएस यमुना प्रसाद के खाली पड़े घर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यूपी की राजधानी लखनऊ में एक आईपीएस अधिकारी युमना प्रसाद के बंद आवास में चोरों ने चोरी कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी यमुना प्रसाद वर्तमान में नोएडा में डीसीपी के पद पर तैनात हैं। अधिकारी और उनका परिवार नोएडा में हैं, जबकि लखनऊ के विकास नगर स्थित उनके घर की देखभाल उनके एक रिश्तेदार कर रहे थे। जब केयरटेकर असित सिद्धार्थ 22 सितंबर को विकास नगर के संजय विहार में स्थित घर पर पहुंचे तो पाया कि बिजली कटी हुई है। चोर खाली पड़े घर की खिडक़ी की ग्रिल काटकर अंदर आए और न सिर्फ कैश और चांदी के आभूषण चुराए, बल्कि बाथरूम की 20 टोटियां तक उखाड़ ले गए। यह घटना उस समय घटी जब यमुना प्रसाद नोएडा के एक बड़े अस्पताल में बीमारी के कारण भर्ती थे, बताया जा रहा है कि कुल मिलाकर चोरी गए सामान का अनुमानित मूल्य लाखों में है। घटना की सूचना मिलते ही विकास नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। लखनऊ पुलिस की टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।
