समृद्धि न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले छात्रवृत्ति वितरित की जाती थी, लेकिन छात्र के खाते में पहुंचती नहीं थी, इसमें मनमानी होती थी। वहीं जो छात्रवृत्ति छात्रों को सितंबर-अक्टूबर में प्राप्त होनी चाहिए थी, वह छात्रवृत्ति मार्च-अप्रैल तक पहुंचती थी। इसमें भी भेदभाव होता था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम आयोजित कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। यह बैठक राज्य के स्थानीय निकायों में भर्ती, निवेशकों को प्रोत्साहन और पुरानी छात्रवृत्ति योजनाओं की बहाली जैसे मुद्दों पर केंद्रित रही है। इस बैठक में दिवाली में उज्जवला योजना के तहत फ्री में सिलेंडर और बच्चों को स्कॉलरशिप दिए जाने की मंजूरी दी गई।
ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस वे प्रस्ताव को मंजूरी
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे से गंगा एक्सप्रेस वे तक लिंक एक्सप्रेस-वे वाया फर्रुखाबाद 90 किमी का ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस वे प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नए शहर प्रोत्साहन परियोजना अंतर्गत रामपुर, अयोध्या, लखनऊ, बागपत विकास प्राधिकरण को धनराशि प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में जब हमारी सरकार आई, तो हमने वर्ष 2016-17 और 2017-18 की छात्रवृत्ति प्रदेश के एक-एक बच्चे को दी गयी। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा 9 से 12 वीं के अनुसूचित जाति-जनजाति और सामान्य जाति के 4 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध करायी जा रही है, इसमें पहले चरण में 1 लाख 12 हजार छात्र छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के ढाई लाख से अधिक छात्र-छात्राएं और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के 25,000 छात्र-छात्राएं सुविधा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, सीएम ने कहा कि वर्ष 2017-18 से वित्तीय वर्ष 2024-25 तक अनुसूचित जाति-जनजाति के 1 करोड़ 23 लाख छात्रों को 9,150 करोड़ रुपए की धनराशि वितरित की गई है।
साथ ही उज्ज्वला योजना अंतर्गत दीपावली पर नि:शुल्क सिलेंडर दिए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। सुप्रीम कोर्ट में दायर मृतक आश्रित सम्बंध में अपील प्रेमलता बनाम उत्तर प्रदेश सरकार के आधार पर मृतक आश्रित योजनांतर्गत जो व्यक्ति जिस कैडर अंतर्गत मृत होगा उसके आश्रित को उसी कैडर अंतर्गत नौकरी प्राप्त कर सकेगा। उदाहरण समूह ग के आश्रित को उसी श्रेणी में, समूह घ के आश्रित को उसी श्रेणी में नौकरी प्राप्त कर सकेगा। इस सम्बंध में प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।
