कन्नौज का शातिर अपराधी मुठभेड़ में गिरफ्तार

पैर में गोली लगने से घायल, लोहिया में भर्ती
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कन्नौज के अपराधी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लग गयी। उसके खिलाफ लूट, डकैती और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। घायल अपराधी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर नवरात्र के मद्देनजर वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया गया है। जहानगंज थानाध्यक्ष राजेश राय टीम के साथ शुक्रवार रात २ बजे जनपद की सीमा काली नदी पुल के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी बाइक से एक युवक आता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस ने बाइक रोकने का इशारा किया, तो युवक ने बाइक नहीं रोकी और पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। गोली युवक के पैर में जा लगी। जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय कुमार ने बताया कि जनपद कन्नौज थाना विशुनगढ़ क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी अमजद खान उर्फ अजमत पुत्र जोहरी खान को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। उसके पैर में गोली लगी है। वह चालाक किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, डकैती के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि अमजद के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस दो खोखा और बाइक बरामद हुए है। फिलहाल घायल युवक को डॉ0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *