पत्नी के ताने से आहत पल्लेदार ने लगाई फांसी

हत्या के आरोप पर ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम आरमपुर में पल्लेदार विजेन्द्र पुत्र राधेश्याम की मौत को लेकर नया मोड़ सामने आया है। परिजनों ने जहां गांव के कई लोगों पर हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है, वहीं ग्रामीणों ने इस दावे को खारिज करते हुए घटना को आत्महत्या बताया। ग्रामीणों के अनुसार 23 सितंबर की रात विजेन्द्र चोरी करते हुए पकड़ा गया था। चोरी में पकडऩे के बाद उसकी पत्नी ने बेइज्जत कर कहा था कि चोरी करने से अच्छा है कि फांसी लगाकर जान दे दो। इसी बात से आहत होकर उसने कटहल के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। गांव की महिला शीला ने बताया कि 23 तारीख को गांव में शांति पाठ का कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान विजेन्द्र चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इससे पहले भी वह कई बार चोरी कर चुका था। ग्रामीण गोपाल दास ने कहा कि मृतक शराब पीने का आदी था और पत्नी के ताने के बाद उसने खुदकुशी कर ली। गांव के रावेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि विजेन्द्र इससे पहले भी चोरी करते हुए पकड़ा गया था, लेकिन हर बार मामले को शांत करा दिया गया। इस बार वह रिश्तेदार के घर से गेहूं की बोरियां चुराते हुए पकड़ लिया गया था। वहीं ग्राम प्रधान मोनू कठेरिया ने कहा कि गांव के सज्जन लोगों पर हत्या का झूठा आरोप लगाकर परिवार धनवसूली करना चाहता है। पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी और किसी निर्दोष को फंसने नहीं दिया जाएगा। बताते चलें कि मृतक के भाई सुरेन्द्र ने तहरीर देकर गांव के कई लोगों पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *