25 हजार का ईनामी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने से हुआ घायल

 चोरी की बाइक, एक तमंचा 315  बोर व दो जिन्दा कारतूस, 300 रुपये बरामद
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25,000/- हजार रुपए का ईनामी बदमाश अर्पित शाक्य गोली लगने से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना पुलिस एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ भोजपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। जिस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गयी। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम अर्पित शाक्य बताया। वह कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के बाबरपुर गांव का निवासी है। अर्पित शाक्य पर 25,000/- रुपए का इनाम घोषित था और वह राजेपुर थाने से गैंगेस्टर एक्ट में वांछित था। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक अंतरजनपदीय अपराधी है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस पर हमला किया। उन्होंने पुष्टि की कि बदमाश शातिर किस्म का चोर है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 300 रुपए नकद बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *