हरदोई, समृद्धि न्यूज। शासन के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बिलग्राम थाने में कक्षा 12 की छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। कोमल यादव नाम की छात्रा ने थाना प्रभारी बनकर जनसुनवाई में एक थाना प्रभारी के रूप में जनता की समस्याएं सुनी। इस दौरान छात्रा ने पुलिस के कामकाज को बारीकि से समझा। मिशन शक्ति के अंतर्गत जिले भर में महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को थाना बिलग्राम में सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें थाना क्षेत्र के पंडित जगन्नाथ प्रसाद अग्निहोत्री इण्टर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा कोमल यादव को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। जहां छात्रा द्वारा जनसुनवाई में एक थाना प्रभारी के रूप में जनता की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। छात्रा ने आत्मविश्वास के साथ फरियादियों की शिकायतों को सुना। छात्रा के इस अनुभव से उपस्थित छात्राओं और महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में महिला शक्ति टीम ने महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी। महिला आरक्षियों ने छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112, 1930, 1076 और 1090 के बारे में विस्तार से बताया, ताकि वे किसी भी स्थिति में सजग रह सकें। इस अवसर पर पंडित जगन्नाथ प्रसाद अग्निहोत्री इण्टर कालेज की छात्राओं को आत्मरक्षा और जागरूकता से जुड़े संदेश भी दिए गए। उन्हें बताया गया कि जागरूक रहकर ही महिलाएं और छात्राएं सुरक्षित तथा आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
