हरदोई, समृद्धि न्यूज़। दूसरे व्यक्ति को झूठे मुकदमें में फसाने को लेकर ग्राम प्रधान ने स्वयं के अपहरण और हत्या की झूठी साजिश रची थी। पुलिस ने घटना का खुलासा कर प्रधान को सकुशल बरामद कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेन्द्र ने बताया कि 29 सितम्बर को शोभित कुमार पुत्र श्याम प्रताप सिंह निवासी ग्राम खद्दीपुर चैनसिंह थाना अरवल जनपद हरदोई द्वारा कोतवाली शहर पर प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें कहा कि उसके चचेरे भाई यतीश सिंह उर्फ कल्लू (37) पुत्र राजेश ने प्रार्थी के चचेरे बहनोई देवेश कुमार पुत्र श्यामा कुमार निवासी ग्राम सदुल्लीपुर थाना सवायजपुर जनपद हरदोई को फोन करके बताया गया कि हरदोई के चार-पांच किमी0 पहले उसे मार डाला है। इसके बाद तत्काल प्रार्थी अपने मिलने वाले कुछ व्यक्ति व बहनोई देवेश के साथ अपने चचेरे भाई यतीश की तलाश हेतु हरदोई से ग्राम मेंडू की तरफ गए तो हरदोई-सांडी मार्ग पर स्थित छोटी मेंडू के पास यतीश उपरोक्त की गाड़ी (यूपी 30 बीएम 9920) खड़ी हुई मिली। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 140(1) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इसी क्रम में कोतवाली शहर पुलिस व उच्चाधिकारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने घटना के खुलासे हेतु टीम गठित कर कोतवाली शहर पुलिस द्वारा व सर्विलांस, सीसीटीवी आदि के माध्यमों से तलाश की गई। पुलिस ने उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों का तकनीकी दक्षता से विश्लेषण के आधार पर लापता प्रधान यतीश सिंह उर्फ कल्लू पुत्र राजेश को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि यतीश सिंह उर्फ कल्लू ने एक व्यक्ति वीरेश सिंह उर्फ टिल्लू सिंह को रूपये दिए थे, जो कि वापस नहीं कर रहा था। इस पर यतीश सिंह ने वीरेश सिंह उर्फ टिल्लू को झूठे मुकदमे में फसाने का निर्णय कर लिया। खुद के अपहरण और हत्या की झूठी साजिश रची थी।
प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि मामले वैधानिक कार्रवाई चल रही है।
