कानपुर: सब छोड़ जाते हैं किसी न किसी बहाने से? छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

कानपुर, समृद्धि न्यूज। कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से मोबाइल और कुछ हस्तलिखित नोट मिले हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की बात सामने आई है। अब कोई उम्मीद नहीं रही इस जमाने से, सब छोड़ जाते हैं किसी न किसी बहाने से..। डायरी के आखिरी पन्नों में दर्द बयां करतीं ये पंक्तियां लिखकर एसएससी छात्र विजय सिंह ने शुक्रवार को हास्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने यह शायरी किस दोस्त, प्रेमिका या करीबी के लिए लिखी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं उसके मोबाइल पर मिली 193 मिस्ड कॉल में से कई कॉल अनजाने नंबर की हैं। प्रेमिका से आखिरी बार की वीडियो कॉल पर हुई बातचीत की जांच में जुट गई है। डायरी में कुल नौ शायरियां लिखी मिली हैंं।
जानकारी के मुताबिक, कासगंज के थाना सिकंदरपुर सिनौरी खास निवासी ट्रक ड्राइवर राजेश कुमार का पुत्र विजय काकादेव के अंबेडकरनगर के ब्लॉक गीतानगर में जगदीश सोनकर के पीजी हॉस्टल में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। वह बीते तीन महीनों से तीसरी मंजिल के कमरा नंबर आठ में रह रहा था। घटना की सूचना पर कानपुर पहुंचे मृतक छात्र के पिता राजेश ने बताया कि वह चार बेटों के पिता है, विजय दूसरे नंबर का बेटा था। पिता ने बताया 3 महीने पहले बेटे को कानपुर के अंबेडकर नगर के एक हॉस्टल में एसएससी की तैयारी के लिए भेजा था, अभी 15 दिन पहले बेटा विजय मां के ऑपरेशन होने पर उनको देखने भी घर आया था। घटना को लेकर हॉस्टल में ही रहने वाले विजय के दोस्तों ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9:00 बजे उन्होंने विजय को आखिरी बार देखा था। विजय के ना दिखाने पर कुछ दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी हॉस्टल के मालिक को दी। सूचना मिलते ही मौके पर मालिक ने घटना की जानकारी काकादेव थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर, जब कमरे को गेट तोड़ा तो उन्होंने देखा कि विजय का शव पंखे के सहारे लटका हुआ था, उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर कमरे से घटना के साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं चर्चा हो रही कि छात्र ने प्रेमिका से विवाद के बाद वीडियो कॉल कर फंदा लगाकर जान दी है। बेटे की मौत के बाद कानपुर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राजेश में रोते हुए बताया कि मां को देखने पहुंचे बेटे विजय को उन्होंने घर से जल्दी हॉस्टल वापसी कर पढ़ाई पर ध्यान देने की हिदायत दी थी। मृतक के मोबाइल की लास्ट वीडियो कॉल को टारगेट करते हुए युवती से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *