घटना स्थल पर दैमार व सुतली बम के मिले जले अवशेष
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना कादरीगेट के क्षेत्र सातनपुर मण्डी रोड स्थित कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में हुए ब्लास्ट से दो बच्चों की मौत हो गयी थी। वहीं एक दर्जन छात्र घायल हो गये। यह घटना शनिवार समय लगभग अपरान्ह २:३० की बतायी गई है। इसी घटना की जांच करने के लिए घटना स्थल पर कई एजेंसियां पहुंची और अलग-अलग समय में अपने स्तर से जांच पड़ताल की है।
रविवार को घटना स्थल पर कन्नौज की फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच पड़ताल की। वहीं बम निरोधक दस्ते ने भी विस्फोट से संबंधित जांच कर नमूने एकत्रित किये। वाराणसी की टीम भी जांच करने के लिए मौके पर पहुंची। वहीं एटीएस ने भी पहुंचकर जांच की और नमूने एकत्रित किये। जांच पड़ताल के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय सिंह मौजूद रहे। जांच पड़ताल के दौरान घटना स्थल पर दहमार के चिथड़े व सुतली बम की सुतली जली हुई मिली। जिसमें बारुद की महक आ रही थी। प्रथम ृदृष्टि में ऐसा प्रतीत होता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सुतली बम की अधिक संख्या होगी और उनके फटने से इतना बड़ा हादसा हुआ है। जबकि पूर्व में पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी थी कि सेफ्टिक टैंक के फटने से घटना प्रतीत होती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे बारुद से विस्फोट होने के साक्ष्य प्रतीत हो रहे है। फिलहाल अभी कुछ भी कहना संभव नहीं है। आसपास के लोगों की माने जिस तरह से धमाका हुआ और इतना बड़ा हादसा हुआ वह बारुद का ही काम है। लोग चर्चा कर रहे है कि बारुद के ढेर पर कोचिंग सेंटर चल रहा था। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई सटीक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल यह तो साबित हो गया सेफ्टिक टैंक के फटने जैसे अभी कोई चीज जांच एजेंसियों के सामने नहीं आयी है। सभी एजेंसियां अपने-अपने तरीके से जांच कर रही है। फॉरेंसिक लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि इतना बड़ा विस्फोट कैसे हुआ।
कोचिंग सेंटर विस्फोट काण्ड की कई एजेंसियां कर रही है जांच
