अयोध्या, समृद्धि न्यूज। अयोध्या में नगर निगम द्वारा ठेले वालों के खिलाफ की गई कड़ी कार्रवाई पर विवाद उठ गया। दीनदयाल पार्क में ठेले वालों को उल्टा खड़ा कराकर उठक बैठक करवाई गई। महापौर ने जांच के आदेश दिए। वहीं सपा नेता ने तरीका अमानवीय बताया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
अयोध्या में नगर निगमकर्मियों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते दिन दीन दयाल पार्क में नगर निगम ने ठेला लगाने वालों को डंडे के बल पर उल्टा खड़ा कर दिया। कान पकडक़र उठक-बैठक भी करवाई। ठेले वालों का कसूर सिर्फ इतना था कि वे दीनदयाल पार्क के पास ठेला लगाए हुए थे। टीम ने छापेमारी कर आठ ठेले वालों को पकड़ा। जिसकी वीडियो वायरल होने पर मेयर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। सूत्रों की माने तो सुरक्षाकर्मियों ने पार्क की दीवार के सहारे उल्टा खड़ा होने को कहा। सुरक्षाकर्मियों ने डंडे के बल पर आठ ठेलेवालों को उल्टा खड़ा कराया। काफी देर तक ये लोग सिर नीचे और पैर दीवार के सहारे करके खड़ा रहे। वीडियो सामने आते ही नगर निगम में हडक़ंप मच गया। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त भरत भार्गव को जांच कर रिपोर्ट तलब की है। महापौर ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं सपा नेता और पार्षद प्रतिनिधि महेंद्र शुक्ल ने कहा कि अतिक्रमण पर कार्यवाई जरूरी है, लेकिन इस तरह का तरीका अमानवीय है। वहीं जब इसे लेकर अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हाथ के बल उल्टा खड़े करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसकी जांच रिपोर्ट महापौर को सौंप दी गई है। उनका कहना है कि इस मामले में जो लोग भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या में तालिबानी सजा? ठेले वालों को खड़ा किया उल्टा
