मारपीट में घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दबंगों की मारपीट से घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मलोखर निवासी 76 वर्षीय श्याम पाल यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि 6 अक्टूबर को हुई मारपीट में लगी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रशांत कुमार यादव ने 11 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे श्याम पाल यादव की मृत्यु की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी थी। सूचना मिलने पर डायल 112 और संबंधित चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार 6 अक्टूबर को गांव के प्रेमपाल सिंह पुत्र रघुनाथ और विनय पुत्र प्रेमपाल सिंह ने 80 वर्ष पुराने बकैना और कटहल के पेड़ की लकड़ी उठाने से श्याम पाल यादव को रोका। उन्होंने जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करने की धमकी दी और गाली-गलौज की। जब वृद्ध श्याम पाल यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनका इलाज चल रहा था। 11 अक्टूबर को वृद्ध श्याम पाल यादव की मृत्यु हो गई। चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *