सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति को पकड़ा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शराबी पति ने पत्नी को बीच सडक़ पर जमकर पीटा। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने महिला को पिटने से बचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अचेतावस्था में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कायमगंज नगर से सटे गांव कुबेरपुर निवासी तरन्नुम पत्नी आजाद ने बताया कि उसका पति शराब पीकर आये दिन उसके साथ मारपीट करता था। जिसके चलते वह अपने बच्चों के साथ अपने मायके फर्रुखाबाद के मोहल्ला भीकमपुरा में रहती है। आज ससुर की तबियत खराब होने पर वह उसे देखने ससुराल आय थी। जब शाम को अपने मायके जाने लगी, तभी पति शराब पीकर घर पहुंचा। उसने मायके जाने का विरोध किया, लेकिन इसके बाद भी तरन्नुम अपने बच्चों को लेकर कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर पहुंची, तभी पीछे से उसका पति भी वहां आ गया और उसे बेरहमी से पीटने लगा। इस घटना को देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह महिला को बचाया। तब तक महिला मरणासन्न अवस्था में पहुंच चुकी थी। किसी व्यक्ति ने कस्बा चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अचेत पड़ी महिला तरन्नुम को एक ई-रिक्शा द्वारा नगर के सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं शराबी पति आजाद को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच पड़ताल कर रही है।
शराबी पति ने पत्नी को बीच सडक़ पर पीटा
