शाहाबाद/हरदोई,समृद्धि न्यूज। थाना शाहाबाद पुलिस ने फायरिंग की घटना में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 6 नवम्बर 2025 को वादी राहुल पुत्र रामदेव निवासी ग्राम तड़ेर ने थाना शाहाबाद में तहरीर दी थी कि गांव के ही कमलेश पुत्र बल्कू एवं उसके पुत्र ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर तमंचे से फायर कर जान से मारने का प्रयास किया। इस घटना के संबंध में थाना शाहाबाद पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों नामजद अभियुक्तों को ग्राम मंगलीपुर तिराहा से गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर तथा एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कमलेश पुत्र बल्कू निवासी ग्राम तड़ेर तथा रमन राठौर पुत्र कमलेश निवासी ग्राम तड़ेर थाना शाहाबाद जनपद हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 3/25/27(1) आर्म्स एक्ट के तहत बढ़ोतरी करते हुए विधिक कार्रवाई की है।
