पांच निजी नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नवाबगंज क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी व उपकरण चोरी की घटनायें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते एक माह में करीब दर्जनों ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी व उपकरण चोरी की घटनायें हो चुकी हैं। इसके बावजूद भी पुलिस इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिससे घटनायें और बढ़ रही हैं।
जानकारी के अनुसार बीती रात चोरों ने पांच निजी नलकूपों को निशाना बनाते हुए कटर से काटकर उसका तेल चोरी कर लिया। घटनाक्रम के अनुसार राजाराम यादव निवासी आसलमपुर व पुठरी निवासी छविनाथ यादव ने बताया कि चोरों ने बीती रात उनके निजी नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मरों को कटर से काट दिया और कीमती तेल चोरी कर लिया। जब वह सुबह अपने-अपने खेतों पर पहुंचे, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। वहीं सुखराम पुत्र द्वारिका निवासी बांसमई, हरिनाथ सिंह पुत्र गेंदन लाल निवासी पुठरी, राम सिंह निवासी करनपुर के निजी नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मरों से भी शातिर चोरों ने तेल चोरी कर लिया। आये दिन हो रहीं तेल चोरी व उपकरण चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों की नींद काफूर हो गयी है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह में करीब एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी व उपकरण चोरी की घटनायें हो चुकी हैं। इसके बावजूद भी पुलिस इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *