शाहाबाद/हरदोई , समृद्धि न्यूज। मंगलवार को कस्बे के बस स्टैंड और आंझी रेलवे स्टेशन के बीच पिहानी मार्ग पर दोपहर बाद एक दर्दनाक हादसा हुआ।जिसमें एक तेज रफ्तार ओवरलोड गन्ना भरे ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही बाइक सवार ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार संजीव गुप्ता पुत्र रामशंकर गुप्ता निवासी खत्ता जमाल खां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,जबकि साथी दीपक कुमार सिंह पुत्र सर्वेश सिंह निवासी बिलालपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।लोगों की मदद से घायल को तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटना स्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन परिजन नही माने।लोगों ने आरोप लगाया कि चीनी मिल शुरू होते ही ओवरलोड गन्ना ट्रकों का सड़कों पर आतंक बढ़ जाता है। इन ट्रकों की रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। परंतु प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, दर्दनाक मौत के बाद घंटों जाम रहा पिहानी शाहाबाद मार्ग
