दिन में सोलर पैनल लगाते और रात में करते थे चोरी
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय चोर का गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके सदस्य दिन में सोलर पैनल लगाने का काम करते थे और रात में उन्हीं घरों व दुकानों में चोरी करते थे। यह गिरोह फर्रुखाबाद सहित आसपास के जिलों में सक्रिय था। कमालगंज पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम बलीपुर, कमालगंज निवासी मोहित और एक बाल अपचारी को गिरफ़्तार किया गया। हालांकि गिरोह का सरगना और अन्य साथी अभी फरार है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दिन में सोलर प्लेट लगाने के बहाने दुकानों और घरों की रेकी करते थे। रात में यही गिरोह लोडर वाहन का इस्तेमाल कर सोलर पैनल, इनवर्टर, तिरपाल और हार्डवेयर का सामान चोरी कर ले जाता था। अभियुक्तों ने कमालगंज, शमसाबाद और नवाबगंज थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग चोरियों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया हैए जिसमें सोलर पैनल, इनवर्टर, बैटरी, तिरपाल, प्लास्टिक बंडल और कई अन्य वस्तुएँ शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो फर्रुखाबाद के अलावा एटा और आसपास के जनपदों में चोरी का माल बेचता था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज कर तीनों चोरियों का खुलासा किया गया है और पूरा माल बरामद कर लिया गया है। अभी मुख्य सरगना सहित दो आरोपी फरार हैं।
अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
