बिना ट्रीटमेंट प्रदूषित पानी बहाने पर ग्लू फैक्ट्री सील

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। औद्योगिक क्षेत्र बंथर में स्थित ग्लू बनाने वाली मेसर्स नेशनल ट्रांस जेल फैक्ट्री जो लंबे समय से बिना ट्रीटमेंट के प्रदूषित पानी नालों में बहाने की शिकायत पर जांच के बाद प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए सील कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार सीजिंग कार्रवाई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में की गई। इस दौरान एसडीएम, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी और स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने फैक्ट्री परिसर में पहुंचकर उत्पादन कार्य को रुकवाया और वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) की स्थिति की जांच की।
जांच में पाया गया कि फैक्ट्री में डब्ल्यूटीपी तो स्थापित है, लेकिन उसे चालू नहीं किया जा रहा था। जिससे बिना ट्रीटमेंट के प्रदूषित पानी आसपास के नालों में छोड़ा जा रहा था, जिससे स्थानीय जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा था।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी गौरांग राठी ने इस मामले को गंभीरता से लेकर एक जांच समिति का गठन किया, जिसमें राजस्व, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, औद्योगिक विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल रहे। समिति ने फैक्ट्री का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। रिपोर्ट में पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन और नियमों की अवहेलना की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने फैक्ट्री को सीज करने के आदेश दिए।
फैक्ट्री सीज करने पहुंची टीम ने परिसर में रखे रासायनिक पदार्थों और उत्पादों की सूची तैयार की। साथ ही, फैक्ट्री की विद्युत आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद करा दी गई। अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के संचालन से आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण फैलने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। ग्रामीणों ने भी कई बार दुर्गंध और पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर प्रशासन से शिकायत की थी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फैक्ट्री प्रबंधन से इस संबंध में रिपोर्ट तलब की गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *