तेज रफ्तार बस पलटी, 11 यात्री घायल , दो की हालत गंभीर

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पुरवा–मौरावां मार्ग पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। जिनमें से 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया।
वहीं बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर इलाच के लिए बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जबकि दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना दही थाना क्षेत्र के पुरवा उन्नाव मार्ग पर ग्राम दरोगा खेड़ा गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास की है। वही बस में घायल यात्रियों में अंशुमान गौतम (बछोरा), कीर्ति सिंह (मौरावां), सुनीता दीक्षित (खुड़ी), आरती (मगतखेड़ा), मैनुद्दीन (पुरवा), अजय सिंह (मौरव्वा), रिंकी (लोहली), दुर्गेश, रेखा अन्य घायलों का इलाज बिछिया सीएचसी में किया जा रहा है।

पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया और चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस रूट पर नियमित गश्त बढ़ाने और स्पीड चेकिंग तेज करने की बात कही है। उधर, हादसे के बाद घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं और सभी के स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *