स्वयं की आय से सशक्त होगी पंचायतें
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने के बताए स्त्रोत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला पंचायत राज संसाधन केंद्र में पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्वयं की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम डीपीआरसी खानपुर में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में विकास खंड बढ़पुर, कायमगंज, कमालगंज और शमशाबाद के अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, सचिव और पंचायत सहायकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायतराज अधिकारी राजेश चौरसिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रशिक्षण सत्र की जिम्मेदारी मास्टर ट्रेनर पारुल कटियार, प्रांजल शुक्ल एवं प्रतिभा कटियार ने संयुक्त रूप से संभाली। उन्होंने आय बढ़ाने के विभिन्न आधारों-गैर-कर राजस्व, यूजऱ चार्ज, तालाबों के पट्टे, जन सेवा केंद्रों से संभावित आय, ओएसआर पोर्टल के उपयोग तथा बैंक कोरेस्पॉन्डेंट मॉडल-पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राजस्व वृद्धि के सिद्धांत, प्रक्रियाएं और व्यवहारिक उदाहरण भी समझाए गए। जिससे पंचायतें अपनी आय बढ़ाकर विकास कार्यों में तेजी ला सकें। इस अवसर पर ओम शिव पाण्डेय सहायक विकास अधिकारी पंचायत बढ़पुर, डीपीएम जटाशंकर मिश्र, डीपीआरसी प्रबंधक अरविन्द श्रीवास्तव, सचिव शशि देव सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, रेनू शाक्य सहित कई प्रधान एवं सचिव मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय संसाधनों से राजस्व सृजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए ओएसआर से संबंधित अपने प्रश्न भी पूछे।
डीपीआरसी में सचिव, प्रधान और पंचायत सहायकों को दिया गया प्रशिक्षण
