ग्वालियर में ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी फॉर्च्यूनर कार, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश: ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सभी मृतक ग्वालियर निवासी बताए जा रहे हैं। फॉर्च्यूनर एमपी 07 सीजी 9006 उत्तर प्रदेश के झांसी से एक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्वालियर लौट रहे थे। कार जैसे ही मालवा कॉलेज के सामने पहुंची, मोड़ पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण ड्राइवर कार को नियंत्रित नहीं कर सका और कार पीछे से ट्रॉली में घुस गई। शव कार और ट्रॉली के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे। पुलिस और स्थानीय निवासियों ने कटर मशीन की मदद से गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में मृत युवकों में से दो की पहचान हो चुकी है, इनमें प्रिंस और आदित्य नाम के युवक शामिल हैं। दोनों युवक ग्वालियर के डीडी नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मौके पर पुलिस व प्रशासनिक टीम पहुंच कर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *