संतोष तिवारी
हरदोई, समृद्धि न्यूज। हरदोई के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र के एक ट्वीट ने राजनैतिक हलकों में सरगर्मियां बढ़ा दी है।सर्द मौसम में भी जिले में राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है और अटकलों का बाज़ार गर्म हो गया है, पूर्व जिलाध्यक्ष के ट्वीट के बाद कयास लगाये जा रहे हैं कि क्या कोई बड़ा नेता पाला बदलने के लिए अंदरखाने कसरत कर रहा है,पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ने ट्वीट कर लिखा है कि “हरदोई के विधायक/मंत्री जो अखिलेश यादव से मीटिंग और भाजपा से चीटिंग कर रहे हैं,आप लोग सपा कब ज्वाइन कर रहे हैं”
अमूमन शांत रहने वाले पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र का यह ट्वीट एक बड़ा राजनैतिक संकेत दे रहा है कि हरदोई भाजपा का कोई बड़ा जनप्रतिनिधि अंदर ही अंदर कोई अलग खिचड़ी पका रहा है जिसकी गंध पूर्व जिलाध्यक्ष तक पहुंच गई है जिसको उन्होंने अपने ट्वीट के माध्यम से संकेत के तौर पर बताने की कोशिश की है
वहीं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र के ट्वीट पर जिले मे चारों ओर चर्चाओं व कयासों का बाज़ार गर्म है, पूर्व जिलाध्यक्ष के ट्वीट पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मेरी जानकारी में कोई भी मंत्री विधायक पार्टी नहीं छोड़ रहा है और कोई भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के संपर्क में नहीं है, सभी पूरी निष्ठा से पार्टी का कार्य कर रहे हैं।2027 में पुनः प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि कौन पार्टी छोड़ रहा है,यह जानकारी पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ही दे सकते हैं। मेरी जानकारी में कोई भी मंत्री और विधायक पार्टी नहीं छोड़ रहा है और न कोई किसी अन्य दल के संपर्क में है।
