समृद्धि न्यूज। आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच दूसरे दिन भी मुठभेड़ हुई, जिसमें सात नक्सली मारे गए। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। इन नक्सलियों में एक जोखा राव है, जोकि श्रीकाकुलम का निवासी था। पुलिस के मुताबिक, मारा गया एक माओवादी मेतुरी जोखा राव उर्फ शंकर था। वह श्रीकाकुलम का रहने वाला था और आंध्र-ओडिशा बॉर्डर के लिए जिम्मेदारी देख रहा था। वह तकनीकी मामलों का जानकार था। साथ ही हथियारों, संचार से जुड़ी चीजों पर भी उसकी अच्छी पकड़ थी। माओवादियों के साथ मुठभेड़ की घटना सुबह करीब 7 बजे की है। एडीजी लड्ढा ने बताया कि शंकर पिछले 20 वर्षों से माओवादी आंदोलन से जुड़ा था और हर बार सुरक्षा अभियानों के दौरान अपनी जगह बदलता रहा था। उन्होंने अनुमान लगाया कि शंकर माओवादी आंदोलन को नया जीवन देने के लिए दक्षिण के इस राज्य में आया था। बुधवार को एडीजी (इंटेलिजेंस) महेश चंद्र लड्ढा ने कहा कि बुधवार को भी सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन जारी रखा। आज सुबह तक सात नक्सली मारे गए हैं, इनमें तीन महिला माओवादी भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार की मुठभेड़ मंगलवार के पहले एनकाउंटर वाले स्थान से लगभग सात किलोमीटर दूर हुई। सुबह करीब 7 बजे सुरक्षा बलों और छिपे हुए नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जिसके बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और तेज किया गया, एक मृत नक्सली की पहचान मेटुरी जोखा राव उर्फ टेक शंकर के रूप में हुई।
