समृद्धि न्यूज। पाकिस्तान की सैन्य इकाई बॉर्डर एक्शन टीम के हमले की आशंका के बीच बारामुला के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब सेना ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सूत्रों ने बताया कि घुसपैठ की कोशिश भी नाकाम की गई। दिल्ली ब्लास्ट के बाद से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घाटी में भीषण बर्फबारी शुरू होने से पहले दुश्मन देश भारतीय सीमा में ज्यादा से ज्यादा आतंकवादियों की घुसपैठ कराने में जुटा है, लेकिन भारतीय सैनिकों ने उनके प्लानिंग फेल कर दी है। भारतीय सेना के अधिकारियों ने बताया कि उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों पर तैनात सतर्क जवानों ने पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध हलचल देखी। सेना ने पूरे क्षेत्र को नागरिकों के लिए नो मूवमेंट ज़ोन घोषित कर दिया। सूचना मिली थी थी उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को जवानों द्वारा नाकाम कर दिया गया है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। सूत्रों ने बताया कि कमलकोट और आसपास के क्षेत्र में स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सीमा पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। दुश्मन को किसी भी नापाक हरकत का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए सेना को पहले ही कड़े निर्देश दिए जा चुके हैं।
उड़ी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, नियंत्रण रेखा पर हाई अलर्ट
