जम्मू में कश्मीर टाइम्स के ऑफिस पर SIA का छापा, मिली एके-47 व ग्रेनेड का लीवर

समृद्धि न्यूज। जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने जम्मू में एक अंग्रेजी अखबार के दफ्तर में छापामारी की है। अखबार के ऑफिस पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने, देश के खिलाफ नफरत फैलाने और संप्रभुता को खतरा पहुंचाने के आरोप हैं। एफआईआर में अंग्रेजी अखबर कश्मीर टाइम्स की एडिटर का नाम भी है, उनके लिंक्स और गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा सकती है। दिग्गज पत्रकार वेद भसीन ने 1954 में कश्मीर टाइम्स की स्थापना की थी, इस अखबार को लंबे समय से अलगाववादी समर्थक माना जाता रहा है। जम्मू प्रेस क्लब के अध्यक्ष रहे वेद भसीन का कुछ साल पहले ही निधन हो गया था, इसके बाद उनकी बेटी अनुराधा भसीन ने अपने पति प्रबोध जामवाल के साथ प्रबंध और संपादकीय जिम्मेदारियां संभाली। इसके हेड ऑफिस पर सुबह करीब 6 बजे एसआईए की टीम पहुंची। मैनेजर संजीव केर्नी को उनके घर से बुलाकर ऑफिस खोला गया। दो मंजिला बिल्डिंग के बाहर जम्मू-कश्मीर पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा था। ऑफिस के अंदर एसआईए के अधिकारी दस्तावेजों, कंप्यूटर्स और डिजिटल डिवाइस की जांच में जुटे रहे।

सूत्रों के मुताबिक, जांच से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और सामग्री को एजेंसी अपने साथ लेकर गई हैं, यह कार्रवाई धारा 13 के तहत दर्ज की गई है। आरोप है कि अखबार ने देश की अखंडता के खिलाफ कंटेंट फैलाया, जो पब्लिक ऑर्डर के लिए खतरा हो सकता है। एफआईआर में एडिटर अनुराधा भसीन का नाम भी शामिल है। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी प्लेटफॉर्म चाहे मीडिया हो या सोशल मीडिया को किसी भी एंटी नेशनल सामग्री फैलाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। सूत्रों के अनुसार, एसआईए की छापेमारी के दौरान कश्मीर टाइम्स न्यूज पेपर कार्यालय जम्मू में तलाशी अभियान के दौरान एके-47 और पिस्तौल के कुछ राउंड और ग्रेनेड का एक लीवर बरामद किया गया है। दिल्ली में ब्लास्ट की घटना के बाद से जम्मू कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में दो दिन पहले काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर ने एक बड़े आतंकी साजिश मामले में कार्रवाई की थी। श्रीनगर, अनंतनाग और कुलगाम जिलों में व्यापक छापामारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *