फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। घर में खेल रहे एक वर्षीय मासूम की गड्ढे में डूबकर मौत हो गयी। तीन बेटियों के बाद हुए इकलौते बेटे की मौत से परिजन में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जनपद हरदोई के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के मुंडेर गांव में पुष्पेंद्र परिजनों सहित रहते हैं और वह खेती किसानी का काम करते हैं। पुष्पेंद्र के तीन बेटियों प्रज्ञा, वर्तिका और अनन्या के बाद काफी मन्नतों से 1 साल पूर्व बेटे कार्तिक का जन्म हुआ, तो परिजन काफी खुश हुए, पर इन खुशियों को किसी की नजर लग गई। शुक्रवार सुबह पुष्पेंद्र का 1 वर्षीय बेटा कार्तिक घर में खेल रहा था, तभी घर के अंदर नाली के गड्ढे में वह किसी तरह डूब गया। काफी देर तक कार्तिक के न दिखाने पर परिजनों ने खोजबीन की, तो गड्ढे में वह उतराता मिला। आनन-फनन में परिजन फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां जयंती बदहवास हैं और रोते-रोते बेहोश हो जाती हैं। इसी तरह अन्य परिजनों का भी हाल है। पीडि़त परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है।
घर में खेल रहे मासूम की गड्ढे में डूबकर मौत
