एसआईआर के कार्यों को समय सीमा के अंदर कराएं संपन्न- जिला निर्वाचन अधिकारी
पीलीभीत, समृद्धि न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद में मतदाता सूची अद्यतन कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नगर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्राइमरी स्कूल देशनगर, उपाधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय,आवास विकास काशीराम प्राथमिक विद्यालय, वल्लभनगर कॉलोनी, देश नगर मठिया, रंगलाल चौराहा आदि का दौरा किया। उन्होंने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण, कलेक्शन,डिजिटाइजेशन की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। जहां कार्य प्रगति धीमी पाई गई, वहां डीएम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि समय पर कलेक्शन व डिजिटाइजेशन नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन क्षेत्र में भ्रमण कर कम से कम 200 फॉर्म घर-घर जाकर कलेक्ट करें और सहायक की मदद से उन्हें समय से बीएलओ ऐप पर डिजिटाइज कराएं। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए मतदाताओं को सही तरीके से फॉर्म भरने में पूरा सहयोग दिया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद कर्मचारी से कुछ फॉर्म तुरंत डिजिटाइज कराकर प्रक्रिया की गुणवत्ता परखी। उन्होंने कहा कि एसआईआर से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर ही पूरे होने चाहिए, लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं से भी संवाद किया। उन्होंने मतदाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि फॉर्म भरते समय अपना रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो (व्हाइट बैकग्राउंड के साथ), मोबाइल नंबर और माता-पिता या दादा दादी/नाना-नानी का विवरण अवश्य दें। यदि किसी व्यक्ति का नाम दो जगह दर्ज है, तो वह केवल एक ही स्थान के लिए फॉर्म भरे। उन्होंने कहा कि यदि किसी को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो बूथ स्तर पर मौजूद बीएलओ और सहायक पूरी मदद करेंगे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी,अधिशासी अधिकारी, बीएलओ, सुपरवाइजर व अन्य उपस्थित रहे।
