सपा के दिग्गज नेताओं ने दिया आशीर्वाद
सैफई, समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव का विवाह समारोह मंगलवार को सैफई में पूरे विधि-विधान और परंपरागत तरीकों के साथ संपन्न हुआ।
सैफई महोत्सव पंडाल में आयोजित जयमाला कार्यक्रम दोपहर करीब 12:30 बजे संपन्न हुआ। जिसमें मुलायम सिंह यादव परिवार की सभी परिजन व रिश्तेदार मौजूद रहे।
लद्दाख से आए दुल्हन पक्ष के लोग भी मंच पर सम्मिलित हुए और पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह रस्में पूरी की गईं।
बारात भी पारंपरिक ढंग से निकली और परिवार के सदस्यों ने पूरे समय व्यवस्थाओं की कमान संभाले रखी।
अखिलेश यादव लगातार मेहमानों से मिलते रहे और सबका अभिवादन करते नजर आए।
विवाह कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति रही। प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव और परिवार के अन्य सदस्य पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रहे।
सैफई महोत्सव पंडाल में वीआईपी अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां प्रदेश भर से आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडे, नेता विरोधी दल विधान परिषद लाल बिहारी यादव, राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन, सांसद जितेंद्र दोहरे, सांसद देवेश शाक्य, सांसद आनंद भदौरिया, सांसद राजीव राय, एमएलसी मुकुल यादव, एमएलसी गुड्डू जमाली, विधायक पवन पांडे, प्रदेश सचिव व फर्रुखाबाद जनपद की अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहे डा0 जितेन्द्र सिंह यादव, राजू यादव सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
पूर्व सांसद और चर्चित नेता डीपी यादव, सांसद अफजाल अंसारी और विधायक अब्बास अंसारी भी पहुंचे।
जिन्हें देखने के लिए पंडाल में मौजूद लोग उत्साहित दिखाई दिए।
भाजपा की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सैफई में आयोजित यह विवाह समारोह प्रदेश की राजनीतिक मौजूदगी, पारिवारिक संगठित व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्रा रहा।


सैफई: आर्यन यादव सात फेरों के बंधन में बंधे, महोत्सव पंडाल में संपन्न हुआ जयमाला
