उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अचलगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला। ग्राम प्रधान की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान ने गांव के बाहर एक पेड़ पर धीरज सिंह (35) वर्ष पुत्र फूलसिंह को फांसी के फंदे पर लटकते देखा। जिसके बाद धीरज के परिजनों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान धीरज के रूप में की, जिसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, उनका मुख्य निवास कानपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में था। धीरज अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए छोटा हाथी (लोडिंग वाहन) चलाते थे। परिजनों के मुताबिक, धीरज रोज की तरह घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है।
धीरज की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी रीना सिंह बार-बार बेहोश हो रही हैं। धीरज अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी रिद्धि और 12 वर्षीय बेटे उज्ज्वल सिंह को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे पिता की मौत की खबर से सदमे में हैं। धीरज अपने दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई धीर सिंह ने बताया कि धीरज पिछले कुछ दिनों से तनाव में दिख रहे थे, लेकिन उन्होंने किसी से खुलकर बात नहीं की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस मृतक के मोबाइल, कॉल डिटेल और हाल के दिनों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
