उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोतीनगर में बीती रात पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक को दोस्त ने गोली मार दी। जिससे सचिन विमल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला पीताम्बर नगर निवासी सचिन विमल पुत्र शिव प्रसाद विमल किसी काम से मोतीनगर में गया हुआ था। जहां उसका अपने एक परिचित युवक से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तमंचा निकालकर सचिन पर गोली चला दी। गोली लगने से सचिन घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और खून से लथपथ सचिन को निजी वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घायल सचिन से पूछताछ की। सचिन ने सीओ को बताया कि उसके और आरोपी मित्र के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी ने पैसे वापस मांगने पर नाराज़ होकर उसे गोली मार दी। पुलिस अधिकारियों ने सचिन के परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सदर कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
