गजरौला खास में मनरेगा मजदूर पर अज्ञात जंगली जानवर का हमला, गंभीर घायल

पीलीभीत। पूरनपुर सामाजिक वानिकी रेंज के गजरौला खास गांव में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मनरेगा का काम खत्म कर घर लौट रहे एक मजदूर पर अचानक किसी अज्ञात वन्यजीव ने हमला बोल दिया। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल मजदूर की पहचान राजाराम (45) पुत्र प्यारे लाल, निवासी गजरौला खास के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राजाराम शाम करीब 5:30 बजे मनरेगा कार्य स्थल से पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में खेतों व झाड़ियों के बीच से गुजरते वक्त अचानक झाड़ियों में छिपे किसी जानवर ने उन पर झपट्टा मार दिया। जानवर ने राजाराम के दोनों हाथ, पैर और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गहरे निशान और जख्म बना दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो जानवर जंगल की ओर भाग निकला।ग्रामीणों ने तुरंत राजाराम को उठाया और परिजनों की मदद से पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक झाड़ियों व खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई पगमार्क या अन्य सबूत नहीं मिल सका। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी हमलावर जानवर की प्रजाति की पुष्टि नहीं हो पाई है। इलाके में गुलदार व तेंदुए की मौजूदगी रहती है, लेकिन बिना पगमार्क के कुछ कहा नहीं जा सकता।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से जंगल के आसपास जंगली जानवरों की धमाचौकड़ी बढ़ गई है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग व जिला प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और जंगल किनारे सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और शाम के समय अकेले जंगल किनारे न जाने की सलाह दी है। साथ ही मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *