उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बीघापुर उन्नाव मार्ग पर मजदूरी करने के बाद पैदल सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार अचलगंज थाना क्षेत्र के पचोद्दा गांव निवासी आशीष पुत्र बिंदा प्रसाद देर रात पैदल घर जा रहा था। तभी सिकंदर करण के पास स्थित ब्रिज पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
आशीष मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। कुछ वर्ष पहले उसके बड़े भाई की भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। अब छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता बिंदा प्रसाद और अन्य परिजन रो रो कर हाल बेहाल है।
परिजनों ने बताया कि आशीष देररात को वह काम से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सिकंदर करण ब्रिज के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
