महिला दरोगा ने वृद्ध महिला से की अभद्रता वीडियो वायरल, एसपी ने किया लाइन हाजिर

इतना जूता लगाएंगे की शक्ल भूल जाओगी। तुम्हारे बाप के नौकर नहीं है समझ गई तुम

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक उमा अग्रवाल ने बुजुर्ग महिला को अंगुली दिखाते हुए धमकी दी। महिला दरोगा डकौली गांव में एक मुकदमे का नोटिस तामील कराने पहुंची थीं।
इस दौरान किसी ने महिला दरोगा का वीडियो बना लिया। मामला एसपी जयप्रकाश सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने सीओ दीपक यादव को जांच सौंप दी। वहीं जांच रिपोर्ट के आधार पर लाइन हाजिर किया गया।

जानकारी के अनुसार बंदूहार गांव की रहने वाली रिंकी ने डकौली गांव में रहने वाले अपने पति अमित कुमार, सास छेदाना, ससुर प्रेम, देवर विशाल और ननद पूनम पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसकी जांच करने के लिए कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक उमा अग्रवाल 28 नवंबर की शाम रिंकी के साथ डकौली गांव पहुंचीं थीं। वहां रिंकी की सास छेदाना देवी (60) वर्ष और उमा अग्रवाल के बीच बहस हो गई। छेदाना देवी ने कहा- पुलिस वाले बार-बार परेशान कर रहे थे। एक कागज पर साइन करने के लिए कह रहे थे। मैंने मना किया तो पुलिस मैडम भड़क गईं। कहा- इतना जूता लगाएंगे की शक्ल भूल जाओगी।
वहीं, कोतवाली पुलिस का कहना है कि जब उमा अग्रवाल वहां कार्रवाई के लिए गई थीं तो लोग आक्रोशित हो गए। जोर-जोर से चिल्लाने लगे। रिंकी पर हमला करने की भी कोशिश की। ऐसी में हंगामा बढ़ता देख उमा अग्रवाल ने डांट-फटकार कर मामले को शांत कराया।
पुलिस का कहना है कि वीडियो पूरे घटनाक्रम को नहीं दिखाता, बल्कि केवल एक छोटा हिस्सा रिकॉर्ड किया गया है। डकौली गांव में किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई। बल्कि मुकदमे से जुड़े लोगों को शांत कराना जरूरी हो गया था। वहीं, ग्रामीणों ने अफसरों से SI उमा अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने और बुजुर्ग महिला से माफी मांगने की मांग की है।
उमा अग्रवाल 2 साल पहले रायबरेली से ट्रांसफर होकर उन्नाव आई थीं। इसके बाद उन्हें शहर कोतवाली की कांशीराम और फिर मगरवारा पुलिस चौकी में इंचार्ज की तैनाती मिली। एक मामले में लापरवाही पाए जाने पर लाइन हाजिर भी किया गया था। इसके बाद सदर कोतवाली में उन्हें इसी वर्ष मार्च में तैनाती मिली। वहीं वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक ने महिला उपनिरीक्षक उमा अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *