कायमगंज, समृद्धि न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को सांसद मुकेश राजपूत ने नई अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। इस मशीन के लगने से अब जनता को काफी राहत मिलेगी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सुरभि भी मौजूद रहीं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कक्ष नंबर 14 में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ सांसद मुकेश राजपूत, विधायक डॉ सुरभि और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवनीन्द्र कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कई भाजपा नेता भी उपस्थित रहे। बताते चलें कि अभी तक गर्भवती महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। कई वर्षों से इस सुविधा का अभाव था। जिसके कारण उन्हें निजी केंद्रों पर जाना पड़ता था। इस संबंध में कई बार लिखित पत्राचार भी किया गया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कराए जाने के बाद यह सुविधा उपलब्ध हो पाई है। डॉ0 जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उद्घाटन के दौरान चार गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ0 शोभित सिंह ने बताया कि अब गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह सुविधा उन्हें केंद्र में ही मिलेगी। जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी।
सांसद व विधायक ने किया अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ
