बीएलओ के पुत्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या का किया प्रयास

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसे आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गयी।
जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ईमादपुर पमारान रामकेश लोधी राजपूत की पत्नी उर्मिला देवी आंगनवाड़ी कार्यकत्री है। उनकी बीएलओ में डियूटी लगी है। उर्मिला के बीमार होने के कारण उनका पुत्र शिवांक ईमादपुर पमारान के बूथ संख्या-५९ के बीएलओ का कार्य देख रहा है। बताया जाता है कि टेंशन के चलते शिवांक ने सोमवार सुबह ८ बजे घर में फांसी लगा ली। शिवांक को फांसी पर लटका देख परिजनों में हडक़ंप मच गया। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर आवास विकास स्थित एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। शिवांक को बेंटीलेटर पर रखा गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। उर्मिला देवी ग्राम कड़क्का स्थित केंद्र पर आंगनवाड़ी कार्यकत्री के पद पर तैनात हैं। उनके बेटे शिवांक ने बीएलओ की ट्रेनिंग ली है। उसने ही एसआईआर फार्म का वितरण किया है। अभी तक फांसी लगाने का कारण पता नहीं चल सका है। वहीं चर्चा के अनुसार शिवांक ने बीएलओ कार्य के दबाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रधान अनंगपाल सिंह कुशवाहा अस्पताल पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *