कमालगंज, समृद्धि न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें ट्रेन की चपेट में आने से एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी की पहचान प्रिया पुत्री मुकेश निवासी अहमदपुर देवरिया थाना जहानगंज के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर मौजूद स्थानीय पत्रकार शिवम शुक्ला, विपिन, राहुल गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए अस्पताल से स्ट्रेचर खुद उठाकर लाए। उन्होंने बिना देर किए घायल किशोरी को सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया। अस्पताल में तैनात डॉ0 विकास पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रिया की हालत नाजुक बताते हुए उसे जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। पत्रकारों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों तक पहुंचाई। कुछ ही देर में किशोरी की दीदी और जीजा अस्पताल पहुंचे और उसे संभालने में जुट गए। बाद में थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे से संबंधित जानकारी एकत्र की। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक पूछताछ की है। पुलिस घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है।
