समृद्धि न्यूज। बीएचयू कैंपस में छात्रों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच हुए एक मामूली से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक छात्र को गाड़ी से टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन जल्द ही पथराव और लाठीचार्ज में बदल गया। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए। बीएचयू में देर रात सुरक्षाकर्मियों और छात्रों के बीच जमकर पत्थरबाजी और मारपीट हुई। एलडी गेस्ट हाउस के बाहर चौराहे पर लगे 10 से ज्यादा गमले, वाहन और रखी कुर्सियां तोड़ दी गईं। 100 से ज्यादा घायल हो गए। तमिल संगमम के लगे पोस्टर वणक्कम काशी के दो बड़े पोस्टर फाड़ दिए गए। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के कैंपस में मंगलवार देर रात तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामूली सी बात पर शुरू हुए विवाद के बाद छात्रों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद कैंपस में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को तितर बितर करने की कोशिश की, जबकि छात्रों ने घंटों तक पथराव किया। फिलहाल, कैंपस में शांति है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस और पीएसी जवानों को तैनात किया गया है।
VIDEO | On dispute at BHU campus, ACP Gaurav Kumar says, "Some dispute happened between the students, and security guards, the situation was deteriorating, Proctor sir called us, we reached the spot, now the situation is normal… Now it is peaceful, more details will come after… pic.twitter.com/dINuRSzUmX
— Press Trust of India (@PTI_News) December 2, 2025
विवाद छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के बीच बहस से शुरू हुआ था। कैंपस में एक गाड़ी वाले ने राजाराम हॉस्टल में रहने वाले छात्र को टक्कर मार दी थी। उस छात्र के समर्थन में बिड़ला हॉस्टल के छात्र और कुछ अन्य छात्र विरोध करने लगे। छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड में जाकर एप्लीकेशन देने और अपनी बात रखने की कोशिश की, तभी दोनों तरफ से हुई बहसबाजी से स्थिति बिगड़ गई। इस बीच देखते ही देखते तोडफोड़ और पथराव शुरू हो गया। बिड़ला चौराहे से लेकर एलडी गेस्ट हाउस तक छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथों में रॉड डंडे लिए छात्रों ने जमकर पथराव किया, इतना ही नहीं, छात्रों ने एलडी चौराहे पर सुरक्षाकर्मियों के लिए रखी कुर्सियों भी तोड़ दीं। सडक़ किनारे पार्क हुए कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी सामने आ रही है। पुलिस की लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हो गए हैं। मौके पर तीन थानों और 10 चौकियों की पुलिस और चार ट्रक पीएसी भी पहुंच गई और छात्रों को हॉस्टल तक खदेड़ा। करीब तीन घंटे तक कैंपस में तनाव की स्थिति बनी रही।
