बहन के घर जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। माखी थाना क्षेत्र में बहन के घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बौनामऊ निवासी दीपक (35) वर्ष अपनी बहन के घर डीहा गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक को बचाया नहीं जा सका।
परिजनों ने बताया कि दीपक एक मेहनती व्यक्ति थे। उनके परिवार में माता-पिता, एक भाई और एक बहन हैं। दीपक विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने दीपक को मिलनसार और शांत स्वभाव का व्यक्ति बताया। उनकी अचानक मृत्यु से सभी स्तब्ध हैं।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से मार्ग सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह अक्सर दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र माना जाता है, लेकिन वहां कोई चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर या सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *