उन्नाव , समृद्धि न्यूज। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र स्थित भरसर नौहसारा गांव में युवक का शव आम के पेड़ से संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम भरसर नौहसारा निवासी नन्हे 35 वर्ष, पुत्र ननकू, का ग्रामीणों ने खेत की ओर जाते समय पेड़ पर फांसी से शव लटका देखा और परिजनों को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने मृतक के बड़े भाई राजेश पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार, नन्हे और राजेश के बीच पिछले तीन वर्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में कई बार गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण ही नन्हे की हत्या की गई है और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर अक्सर तनाव रहता था।
मृतक नन्हे खेती का काम करता था। उसके परिवार में एक छोटी बेटी है और पत्नी गर्भवती है।सूचना पर फतेहपुर चौरासी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।
