कमालगंज, समृद्धि न्यूज। बीती रात नामकरण संस्कार की दावत में हुई हर्ष फायरिंग के दौरान युवक के सीने में गोली लगने से उसकी मौत हो गयी थी। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम उमराव नगला निवासी राकेश पुत्र रामौतार के यहां पुत्र के नामकरण संस्कार की दावत थी। उसी दौरान गांव के ही 25 वर्षीय अंशु यादव पुत्र किंदर पाल यादव की हर्ष फायरिंग के दौरान सीने में गोली लगने से मौत हो गयी। मृतक के पारिवारिक चाचा सुधीर यादव पुत्र ब्रजपाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जिसमें कहा की उनका पारिवारिक भतीजा अंशु नामकरण संस्कार की दावत में गया था। जहां वर्तमान प्रधान ग्राम धारा नगला निवासी कश्मीर सिंह का पौत्र गोलू अपने बाबा कश्मीर सिंह की लाइसेंसी दोनालू बंदूक लेकर आ गया। अंशु को देखते ही गोलू ने कहा की अंशु यादव के गोली मार दो। जिस पर आरोपी विकास पुत्र विनोद ने दोनालू बंदूक गोलू से लेकर अंशु के सीने में गोली मार दी। जिससे अंशु की मौके पर ही मौत हो गयी। अंशु की मौत के बाद प्रधान कश्मीर सिंह बंदूक लेकर गोलू आदि के साथ मौके से फरार हो गये। पुलिस ने आरोपी गोलू व विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही प्रधान की लाइसेंसी बन्दूक को कब्जे में ले लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया की विधिक कार्यवाही पुलिस कर रही है।
गोली लगने से युवक की हुई मौत के मामले में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
