उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर शाम बीएससी छात्र को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला आदर्श नगर नहर निवासी अंशुमान तिवारी (19) वर्ष पुत्र स्व. सुधीर तिवारी जो देर शाम अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। तभी लखनऊ-कानपुर हाईवे पर पहुंचते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुमान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने अंशुमान को गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा देखकर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अंशुमान को अस्पताल पहुंचाया । वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि अंशुमान दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह बीएससी का छात्र था। उसके पिता सुधीर तिवारी का पहले ही निधन हो चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत
