सवाल पूछने पर शिक्षिका ने कक्षा-दो के छात्र को पीटा, बच्चा हुआ बेहोश, अभिभावकों में भारी आक्रोश

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत न्योतनी के आज़ाद नगर बाल प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को शिक्षिका तबस्सुम द्वारा कक्षा-2 के छात्र राज की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे अभिभावकों में हड़कंप मच गया। पढ़ाई के दौरान एक अध्याय न समझने पर बच्चे ने एक सवाल पूछा जिससे शिक्षिका उस पर डंडे व हाथ से लगातार वार करती रहीं। पिटाई की तीव्रता इतनी थी कि मासूम कक्षा में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। बच्चे के हाथ-पैर और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित के पिता प्रेम कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षिका
“तबस्सुम को SIR सर्वे और BLO की ड्यूटी का भारी दबाव है, वही गुस्सा मेरे बच्चे पर उतार दिया। सवाल पूछना क्या अपराध है? शिक्षक का धर्म पढ़ाना है, डंडा चलाना नहीं!”
ग्रामीणों ने बताया कि तबस्सुम बीते 7 वर्षों से स्कूल में तैनात हैं और उनका व्यवहार कई बार कठोर रहा है, लेकिन किसी छात्र को इस हद तक घायल करने की घटना पहली बार सामने आई है। अब गांव और अभिभावकों में तीखा रोष है। कई अभिभावक स्कूल पहुंचकर शिक्षिका के निलंबन और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उधर, स्कूल प्रशासन ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे सिर्फ रिपोर्ट आगे भेजेंगे। बीएसए शैलेश पांडे ने बताया कि “बीईओ से रिपोर्ट तलब की गई है, दोष सिद्ध होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।”
छात्र अस्पताल में भर्ती है और मानसिक रूप से बुरी तरह डरा हुआ है। वह बार-बार रोते हुए कह रहा है—
“मां… स्कूल मत भेजना, मैडम फिर मारेंगी।”इस घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और BLO जैसे अतिरिक्त कार्यों के कठोर दबाव पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या सरकारी सर्वे का बोझ अब मासूम बच्चों पर उतारा जाएगा?

बढ़ते आक्रोश को देखते हुए ग्रामीणों ने शिक्षिका के तत्काल निलंबन, विद्यालय की निगरानी बढ़ाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *