फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कायमगंज क्षेत्र के बीएलओ विनोद गंगवार ने मानसिक तनाव में आकर ज़हर खा लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गयी और अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव तत्काल लोहिया अस्पताल पहुँचे और चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और चिंताजनक स्थिति है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा बनाए जा रहे अनावश्यक दबाव और जल्दबाज़ी के कारण प्रदेश भर में बीएलओ गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर भी कई बीएलओ द्वारा आत्महत्या जैसी हृदयविदारक घटनाएँ सामने आ चुकी हैं, जो अत्यधिक दबाव और भय का परिणाम हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि बीएलओ पर कार्य का दबाव उसी सीमा तक डाला जाएए जिसे वे सहज रूप से निभा सकें। अत्यधिक दबाव न केवल बीएलओ को प्रभावित करता है, बल्कि उनके पूरे परिवार को मानसिक रूप से तोड़ देता है। उन्होंने मांग की कि एसआईआर कार्य अवधि को बढ़ाया जाए, ताकि बीएलओ बिना तनाव और भय के अपना कार्य सुचारू रूप से पूर्ण कर सकें। इस अवसर पर इलियास मंसूरी, अखिल कठेरिया, मुलायम सिंह, इजहार खान, निजाम अंसारी, जुल्फिकार अब्बास जैदी, मुदस्सर खान, रामपाल सिंह यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बीएलओ ने खाया जहर, सपा नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, स्वास्थ्य संबंधी ली जानकारी
