तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से हुए फरार
ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह का है सदस्य
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। एक चोर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल चोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहम्मदाबाद के क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि विगत कुछ दिनों से मोहम्मदाबाद और नवाबगंज थाना क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर से तेल और अन्य सामान चोरी की कई घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए एसओजी और मोहम्मदाबाद थाना पुलिस की टीमें सक्रिय थीं। मुखबिर से सूचना मिली कि यह गिरोह नहरिया के आसपास सक्रिय है। सूचना पर एसओजी और मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही गिरोह के सदस्यों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नवाबगंज थाना क्षेत्र के बासमई गांव निवासी सनी सिंह नामक चोर पैर में गोली लग जाने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने बताया कि घायल सनी शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घटनास्थल से ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने का सामान, चोरी किया गया तेल और एक ईको कार भी बरामद की गई है। पुलिस फरार हुए अन्य आरोपियों को पकडऩे के लिए टीमें गठित कर तलाश कर रही है। घायल सनी को मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से शातिर चोर घायल
