समृद्धि न्यूज। अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन बॉर्डर के पास मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक खाई में गिर गया। इस हादसे में २२ मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है। अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में गुरुवार को चकलागम इलाके में मजदूरों से भरा एक ट्रक पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में गिर गया। ट्रक में कुल 22 मजदूर सवार थे, सभी की इस हादसे में मौत हो गई। इनमें से 19 मजदूर असम के तिनसुकिया जिले के गिलापुकरी टी एस्टेट के रहने वाले थे। फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक 13 मजूदरों के शव बरामद हुए हैं, अन्य मजूदरों के शवों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा कि ये सभी मजदूर सडक़ निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे, तभी हैलोंग-चकलागम सडक़ पर मेटेलियांग के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पहाड़ से नीचे गिर गया। हादसे के समय ट्रक में 22 मजदूर सवार थे। सडक़ से गुजर रहे लोगों ने जब ट्रक को खाई में नीचे गिरते देखा तो पास के पुलिस थाने में इसकी सचूना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव के कार्य में जुट गई।
