फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से युवक की मौत हो गयी। पुलिस ने ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम चीतन नगला निवासी नेम सिंह उम्र करीब २७ वर्ष कल शाम करीब ५ बजे अताईपुर कायमगंज बाइक से गया था। वहां से वापस आते समय बिरिया डांडा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया और वहीं पर पड़ा रहा। रात में उधर से गुजरे राहगीरों ने घटना की सूचना १०८ एंबूलेंस पर दी। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी रीना ने बताया कि उनका पति मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक का एक पुत्र आदर्श है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
