पीलीभीत , समृद्धि न्यूज। जनपद में रात के समय हो रहे अवैध खनन पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। विभिन्न माध्यमों से मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी उप जिलाधिकारियों (SDM), क्षेत्राधिकारियों (CO) और खान निरीक्षक को कड़ी चेतावनी जारी की है। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर स्पष्ट किया कि उन्हें लगातार सूचनाएं मिल रही हैं कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी है। उन्होंने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायतों से यह प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा अवैध खनन रोकने के लिए कोई
प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जारी किए गए निर्देशों में जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा है कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त और क्षेत्र भ्रमण बढ़ाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी क्षेत्र से अवैध खनन की शिकायत प्राप्त होती है, तो इसके लिए संबंधित क्षेत्र के उप जिलाधिकारी (SDM) को सीधे तौर पर उत्तरदायी माना जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने इस अभियान में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया है। इस संबंध में एक प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक पीलीभीत को भी भेजी गई है ताकि पुलिस बल का पूर्ण सहयोग मिल सके। साथ ही, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी खनन को इन आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने और की गई कार्यवाही की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी की इस सख्त कार्यवाही से अवैध खनन में संलिप्त लोगों के साथ-साथ उन अधिकारियों में भी सक्रियता बढ़ी है जो अब तक इस मामले में ढिलाई बरत रहे थे। प्रशासन
पीलीभीत में अवैध खनन पर SDM होंगे जिम्मेदारः डीएम ने चेताया- रात को हो रहा अवैध खनन, पेट्रोलिंग बढ़ाएं अफसर
